Thursday 13 December 2012

14 दिसंबर को हजारीबाग में महिला पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन हेतु संदेश


सुदेश कुमार महतो

उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री
ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग
झारखंड सरकार

झारखंड की पंचायतों की समस्त निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को जोहार। राज्य के ग्रामीण विकास में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है और मुझे यह कहते हुए प्रसन्नता हो रही है कि झारखंड की 56 प्रतिशत महिला पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव हमें दिखायी देने लगा है।
इस क्रम में ‘पंचायत महिला एवं युवा सशक्तिकरण अभियान’ से हमें काफी उम्मीदें हैं। भारत सरकार ने देश की निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए वर्ष 2007 में यह अभियान प्रारंभ किया था। इसका उद्देश्य महिला पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अधिकारों एवं कत्र्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है। इसके तहत महिला प्रतिनिधियों को अपनी आवश्यकताओं एवं चुनौतियों के संदर्भ में राज्य सरकार से अपेक्षाओं को चिन्हित करते हुए एक घोषणा-पत्र बनाना है।
झारखंड में हमने कोर कमिटि बनाने तथा उन्मुखीकरण कार्यक्रम के साथ ही इस अभियान की शुरूआत कर दी है। राज्य एवं प्रमंडल स्तरीय सम्मेलनों तथा कोर कमिटि की बैठकों के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाने हुए राज्य में महिला पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता-वृद्धि करते हुए उन्हें अपने महत्वपूर्ण दायित्व के अनुकूल सक्षम बनाना ही हमारा लक्ष्य है।
मुझे पूरा भरोसा है कि यह अभियान रंग लायेगा और पंचायतों के माध्यम से राज्य में विकास की नयी रोशनी फैलेगी।
आप सबको मेरी शुभकामना।

No comments:

Post a Comment